लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित मान्यवर कांशीराम इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट (एमकेआईटीएम) ने पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए नए अवसर खोले हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के सहयोग से ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) मोड में तीन सर्टिफिकेट तथा एक पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
यह पहल विशेष रूप से उन छात्रों के लिए उपयोगी है, जो लचीले अध्ययन विकल्प के साथ पर्यटन उद्योग में पेशेवर पहचान बनाना चाहते हैं।उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि एमकेआईटीएम द्वारा संचालित इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ औद्योगिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। जो विद्यार्थी नियमित कक्षाओं में भाग लेने में असमर्थ हैं, उनके लिए यह व्यवस्था विशेष रूप से लाभकारी है। संस्थान द्वारा इच्छुक छात्रों के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके लिए निर्धारित हॉस्टल शुल्क देय होगा।
एमकेआईटीएम और इग्नू द्वारा संचालित सर्टिफिकेट इन फ्रंट ऑफिस ऑपरेशन, सर्टिफिकेट इन फूड एंड बेवरेज सर्विस ऑपरेशन और सर्टिफिकेट इन हाउसकीपिंग ऑपरेशन पाठ्यक्रमों के लिए न्यूनतम योग्यता 10+2 (बारहवीं) उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। ये सभी छह माह की अवधि के पाठ्यक्रम हैं, जिनमें 18 क्रेडिट निर्धारित हैं। कुल शुल्क 3,000 रुपये तथा 400 रुपये पंजीकरण शुल्क देय होगा। पाठ्यक्रम के दौरान दो माह थ्योरी और चार माह इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग कराई जाएगी।
इसी प्रकार पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन होटल ऑपरेशन्स (पीजीडीएचओ) स्नातक उपाधि प्राप्त छात्रों के लिए है। यह 48 क्रेडिट का पाठ्यक्रम है, जिसमें चार माह थ्योरी तथा आठ माह इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग एवं इंटर्नशिप शामिल है। इस कोर्स के लिए 9,000 रुपये शुल्क तथा 400 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।
संस्थान का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावसायिक कौशल के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाना है। इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया सहित अन्य जानकारी के लिए एमकेआईटीएम और इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।
सर्टिफिकेट और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि वर्ष 2025 में हुए समझौते के तहत अब इच्छुक छात्र इग्नू द्वारा संचालित टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी के पाठ्यक्रम एमकेआईटीएम से भी कर सकते हैं। उनका कहना है कि इस पहल से अधिकाधिक युवा कौशल प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनेंगे और उत्तर प्रदेश को पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में योगदान देंगे।
