लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके शिक्षकों और परिजनों को देते हुए सभी को बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए समाज के अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताजी के कार्यकाल में कन्या विद्याधन योजना के तहत बालिकाओं को 30 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी और आने वाले समय में यदि समाजवादी सरकार बनती है तो केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था लागू की जाएगी।
इस दौरान मलिहाबाद की इंटरमीडिएट छात्रा उन्जिला फातिमा को 97 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर लैपटॉप प्रदान किया गया। वहीं क्राइस्ट चर्च कॉलेज की छात्रा सारा मोईन, जिन्होंने आईएससी बोर्ड परीक्षा में 98.75 प्रतिशत अंक हासिल किए, को भी सम्मानित किया गया। विशेष बात यह रही कि सारा मोईन दिव्यांग होने के बावजूद अपनी मेहनत और परिवार के सहयोग से शानदार सफलता हासिल करने में सफल रहीं। उनके शिक्षक को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह ने कहा कि जीवन में केवल सफलता ही नहीं, बल्कि दूसरों के काम आना ही वास्तविक सार्थकता है और इसमें शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से शिक्षा को प्राथमिकता देती रही है।
मेरठ के सरधना क्षेत्र से विधायक अतुल प्रधान के सहयोग से मेरठ जनपद के हाईस्कूल के 13 और इंटरमीडिएट के 12 टॉपर्स को भी लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा लखनऊ की अनन्या यादव को राजनीतिक विज्ञान में 100 में 100 अंक प्राप्त करने और सीतापुर की अंकिता यादव को इंटरमीडिएट में प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने कविता पाठ और अपने अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
