राहुल मिश्रा संवाददाता।
मिश्रिख (सीतापुर)। महर्षि दधीचि राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मिश्रिख में तैनात डॉ. आकांक्षा सिंह पर प्रशासनिक नियमों की अनदेखी और मरीजों के शोषण के आरोप लगे हैं।
बताया जा रहा है कि शासन-प्रशासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि सभी चिकित्सक अपने तैनाती स्थल पर निवास करेंगे, लेकिन संबंधित चिकित्सक प्रतिदिन कानपुर से फोर व्हीलर द्वारा आना-जाना करती हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा निजी सहायता के लिए एक युवती को तैनात किया गया है, जो अस्पताल के कार्यों में सहयोग करती है। इसके अलावा यह भी आरोप है कि मरीजों को अधिकतर दवाएं अस्पताल के सामने स्थित एक विशेष मेडिकल स्टोर से ही लेने के लिए लिखा जाता है, जहां दवाएं ऊंचे दामों पर उपलब्ध होती हैं।
जिलाधिकारी राजा गणपति आर द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर निवास करें, लेकिन इन निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है।
इसी क्रम में हाल ही में वैकुण्ठापुर निवासी गोविंद की गर्भवती पत्नी पूजा की मृत्यु का मामला भी सामने आया है, जिसे स्थानीय लोग लापरवाही से जोड़कर देख रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो सके और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।
