कुदरहा/बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के राम-जानकी मार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा गायघाट पुलिस चौकी के सामने उस समय हुआ, जब वह सड़क पार कर रहे थे।
मृतक की पहचान गायघाट कस्बा निवासी हमींदुल्लाह पुत्र बिस्मिल्लाह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह शाम करीब 5:30 बजे सड़क पार कर अपने घर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना गंभीर था कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा ले जाया गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बस्ती रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी बाइक चालक की तलाश की जा रही है।
