मिश्रिख (सीतापुर)। कस्बा मिश्रिख स्थित भारत गैस एजेंसी पर रसोई गैस की कालाबाजारी के आरोप लग रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं। गैस आपूर्ति प्रभावित होने से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर-हरदोई मार्ग पर सीबीआरडी स्कूल के निकट स्थित गैस एजेंसी द्वारा पहले नियमित होम डिलीवरी की जाती थी, लेकिन पिछले लगभग एक माह से यह सेवा बंद है। आरोप है कि इस स्थिति का फायदा उठाकर सीमित मात्रा में गैस वितरित की जा रही है।
गैस लेने के लिए प्रतिदिन सुबह से ही सैकड़ों उपभोक्ता एजेंसी पर कतार में खड़े होते हैं, लेकिन सीमित सिलेंडर उपलब्ध होने के कारण कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभारी निरीक्षक और उपजिलाधिकारी से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इधर, प्रशासन का कहना है कि जनपद में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बावजूद कस्बे में गैस की किल्लत बनी हुई है, जिससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
