— के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को खलीलाबाद एवं मेहदावल तहसील क्षेत्रों का भ्रमण कर फार्मर आईडी (किसान पहचान पत्र) बनाए जाने की प्रगति का स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत किसानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हल्का लेखपाल एवं पंचायत सहायकों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के सभी किसानों का फार्मर आईडी/किसान पहचान पत्र बनाया जाना शासन द्वारा अनिवार्य किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए यह रजिस्ट्री आवश्यक होगी।
👉 गांवों में पहुंचकर परखी प्रगति
जिलाधिकारी ने खलीलाबाद तहसील के ग्राम हावपुर भाड़ारी तथा मेहदावल तहसील के नंदौर में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मियों से प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
👉 06 से 15 अप्रैल तक चल रहा विशेष अभियान
उल्लेखनीय है कि जनपद में 06 से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाकर कैम्प के माध्यम से किसानों का किसान पहचान पत्र/फार्मर आईडी बनाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पात्र किसानों को अभियान से जोड़ते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से रजिस्ट्री कार्य पूर्ण किया जाए।
