— के.के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। आर.एल. एकेडमी, चांदीडीहा में वार्षिक परिणाम दिवस (Annual Result Day) एवं सम्मान समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों एवं वर्षभर के श्रेष्ठ प्रदर्शन को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन मुख्य अतिथि वार्ड नंबर 16 के जिला पंचायत पद के प्रत्याशी ब्रह्मदेव चौधरी उर्फ राजू, विद्यालय के प्रबंधक राकेश चौधरी एवं प्रधानाचार्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।
मुख्य अतिथि ब्रह्मदेव चौधरी उर्फ राजू ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से जीवन में सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय के प्रबंधक राकेश चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ सकारात्मक सोच एवं संस्कारयुक्त छात्र ही अपने लक्ष्यों की प्राप्ति कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
प्रधानाचार्य ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया तथा विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए गए।
इस अवसर पर कक्षा 1 से कक्षा 11 तक प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में माधुरी प्रजापति (कक्षा 11), खुशी (कक्षा 9), प्रतिमा (कक्षा 8), शालिनी चौधरी (कक्षा 7), काजल गुप्ता (कक्षा 6), सत्यम चौरसिया (कक्षा 5), सार्थक पटेल (कक्षा 4), आर्य (कक्षा 2) एवं आसिफ (कक्षा 1) शामिल रहे।
नर्सरी कक्षा के बच्चों को बैग, लंच बॉक्स एवं पानी की बोतल सहित निःशुल्क वेलकम किट प्रदान की गई, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हो सके।
प्री-प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों से संभव हुआ। अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं सुव्यवस्थित आयोजन की सराहना की।
