बस्ती। जनपद के सदर विकासखंड अंतर्गत ताडीजोत गांव निवासी दिनेश पाण्डेय की पुत्री स्तुति पाण्डेय का चयन पीसीएस अधिकारी पद पर होने से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
स्तुति पाण्डेय की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर रामबाग में हुई, जबकि इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई उन्होंने उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी, बस्ती से पूरी की। पीसीएस की तैयारी में उन्हें अपने बड़े भाई अभिषेक पाण्डेय (ब्रांच मैनेजर) का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
अपनी सफलता का श्रेय स्तुति ने अपने बाबा उदय राज पाण्डेय, गुरुजनों, दादी, माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को दिया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी सफलता में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं सहयोगियों खण्ड विकास अधिकारी भवानी प्रसाद शुक्ला, एडीओ पंचायत आशुतोष पटेल, ग्राम सचिव प्रदीप गुप्ता, राम प्रकाश सिंह, अर्चिता दुबे, ज्योति एवं प्रमोद मिश्रा का आभार व्यक्त किया।
स्तुति के पिता दिनेश पाण्डेय भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में अभिकर्ता ऊ, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। बेटी की इस सफलता से परिवार गौरवान्वित है।
स्तुति पाण्डेय के चयन पर उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी के प्रबंधक विनय शुक्ला, प्रधान प्रतिनिधि शैलेन्द्र पाण्डेय, कन्हैया लाल गुप्ता, सुभाष गुप्ता सहित क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
