कुदरहा(बस्ती)। बी.एन. पाल प्राथमिक विद्यालय कुदरहा में गुरुवार को वार्षिक अंक पत्र वितरण एवं छात्र सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अजमत अली एवं विशिष्ट अतिथि प्रधान प्रतिनिधि जिभियांव सदरूद्दीन अंसारी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि अजमत अली ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी मजबूत नींव प्राथमिक शिक्षा से ही तैयार होती है। शिक्षकों और अभिभावकों का समन्वय बच्चों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।”
वहीं विशिष्ट अतिथि सदरूद्दीन अंसारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।
समारोह में शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर छात्रों को सम्मानित किया गया। कक्षा 4 की छात्रा आफरीन ने 96% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, जिन्हें विशेष ट्रॉफी प्रदान की गई। प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को सिल्वर मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान कायनात, अस्फिया, आदर्श, मुस्तफा, सना, काव्या, अरशद, तस्कीन, सिफा, इकरा शहजादी, बीबी रजा, अरमान, रश्मि, उम्मे कुलसुम, दीपांशु, रुखसार, फिजा, अबू सहमा एवं सबरीन को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक अरुण कुमार पाल ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग को इस सफलता का श्रेय दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका संगीता मैम, प्रजेश सर, शमा मैम, अन्नपूर्णा मिस, कैफ सर, रेशमा मिस, अंतिमा मिस, अरुणिमा मिस एवं अश्विनी मिस सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
