नई दिल्ली। अगर आप भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। एआई एलएलएम मॉडल “Claude” बनाने वाली मशहूर कंपनी Anthropic ने यूजर्स के लिए कई ऑनलाइन एआई कोर्स बिल्कुल मुफ्त में शुरू किए हैं। कंपनी का उद्देश्य छात्रों, प्रोफेशनल्स और आम लोगों को बिना किसी शुल्क के प्रैक्टिकल एआई स्किल्स सिखाकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है।
एंथ्रोपिक एकेडमी की शुरुआत
कंपनी ने इस फ्री ट्रेनिंग प्रोग्राम को “Anthropic Academy” नाम के नए लर्निंग प्लेटफॉर्म के तहत लॉन्च किया है। यह प्लेटफॉर्म एक सेंट्रल हब की तरह काम करेगा, जहां यूजर्स बिना किसी भारी फीस के एआई ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल हो सकते हैं।
यह पूरी तरह ऑनलाइन लर्निंग सिस्टम पर आधारित है, जिससे यूजर्स अपनी सुविधा और गति के अनुसार कभी भी पढ़ाई कर सकते हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और डेवलपर्स को एआई टूल्स का प्रभावी उपयोग सिखाना है।
कोर्स पूरा करने पर मिलेगा सर्टिफिकेट
इन फ्री कोर्स की खास बात यह है कि कोर्स पूरा करने के बाद कंपनी की ओर से सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। इसे उम्मीदवार अपने रिज्यूमे या लिंक्डइन प्रोफाइल में जोड़ सकते हैं, जिससे नौकरी पाने में मदद मिल सकती है।
कंपनी का कहना है कि आज के समय में एआई लगभग हर इंडस्ट्री की जरूरत बन चुका है, इसलिए एआई शिक्षा को आम लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाना उनका मुख्य लक्ष्य है।
बिगिनर्स से लेकर डेवलपर्स तक के लिए कोर्स
कंपनी ने अलग-अलग स्किल लेवल के लोगों को ध्यान में रखते हुए कई कोर्स तैयार किए हैं।
- Claude 101 – एआई और क्लाउड की बेसिक समझ के लिए।
- AI Fluency – छात्रों, शिक्षकों और नॉन-प्रॉफिट संगठनों के लिए एआई के प्रैक्टिकल उपयोग पर आधारित कोर्स।
- Building with Claude API – डेवलपर्स के लिए एडवांस लेवल कोर्स।
- Model Context Protocol (MCP) – मॉडल्स को बाहरी टूल्स से जोड़ने की तकनीक सिखाने वाला कोर्स।
ऐसे करें फ्री रजिस्ट्रेशन
इस पहल का हिस्सा बनने के लिए इच्छुक लोग Anthropic के ऑनलाइन ट्रेनिंग पोर्टल पर जाकर फ्री अकाउंट बना सकते हैं। साइन-अप के बाद यूजर्स उपलब्ध कोर्स देख सकते हैं, अपनी पसंद का लर्निंग ट्रैक चुन सकते हैं और तुरंत पढ़ाई शुरू कर सकते हैं।
कंपनी को उम्मीद है कि इस फ्री ट्रेनिंग प्रोग्राम के जरिए ऐसा वर्कफोर्स तैयार होगा जो रिसर्च, शिक्षा और बिजनेस ऑपरेशंस में एआई का जिम्मेदारी से उपयोग कर सके।
