गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार क्षेत्रीय जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने 14316/14315 बरेली-नई दिल्ली-बरेली एक्सप्रेस का विस्तार कासगंज तक करने की स्वीकृति प्रदान की है।
इस गाड़ी का शुभारंभ 13 अप्रैल 2026 को बदायूं स्टेशन पर आयोजित समारोह में किया जाएगा। उद्घाटन के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा द्वारा उद्घाटन विशेष ट्रेन (05303 बदायूं-नई दिल्ली) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद आदित्य यादव, विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक एवं विधायक महेश चन्द्र गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
उद्घाटन विशेष गाड़ी 13 अप्रैल को बदायूं से दोपहर 12:00 बजे प्रस्थान करेगी और बरेली जंक्शन (13:15), भिटौरा (13:37), नगरिया सादात (13:51), रामपुर (14:18), मुरादाबाद (14:50), अमरोहा (15:19), गजरौला (15:40), गढ़मुक्तेश्वर (17:02), हापुड़ (17:35), पिलखुआ (17:47), गाजियाबाद (18:42), साहिबाबाद (18:54), आनंद विहार (19:06), तिलक ब्रिज (19:15) एवं शिवाजी ब्रिज (19:23) होते हुए रात 20:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 14 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 02 एसएलआरडी, 04 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 07 सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान तथा 01 वातानुकूलित कुर्सीयान कोच शामिल होंगे।
रेलवे के अनुसार इस मार्ग विस्तार से कासगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को भी गति प्राप्त होगी।
