मुरादाबाद। धर्म जागरण समन्वय समिति के तत्वावधान में आज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, किसरौल (मुरादाबाद) में भारत माता वंदन एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। प्रारंभ में माँ भारती के गणगीत के यशोगान के माध्यम से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अवधेश पाठक ने की तथा संचालन श्री विमलेंद्र विमल ने किया।
मुख्य वक्ता धर्म जागरण विभाग संयोजक श्री महेश कुमार ने कहा कि भारत अनादि काल से एक राष्ट्र, पालन-पोषण करने वाली माँ तथा एक देवता के रूप में पूजनीय रहा है। इस पावन भूमि पर अनेक देवी-देवताओं ने अवतार लिया है।
महानगर सह-संयोजक श्री धवल दीक्षित ने कहा कि भारत माता के पूजन का कारण इस भूमि द्वारा किया गया हमारा पालन-पोषण है। हम इसी धरती का अन्न और जल ग्रहण करते हैं, इसलिए यह हमारे लिए वंदनीय है।
धर्म जागरण महानगर सह-संयोजक श्री विमलेंद्र विमल ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति आदिकाल से चली आ रही है और अनादि काल तक चलती रहेगी। यह सभी धर्मों, पंथों और समुदायों की जननी है तथा इसी में समस्त समस्याओं का समाधान निहित है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं धर्म जागरण के भाग संयोजक श्री अवधेश पाठक ने कहा कि भारत में पुनः विश्व गुरु बनने की क्षमता है। भारत पूर्व में भी विश्व गुरु रहा है और पुनः उसी स्थान को प्राप्त करेगा। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में धर्म जागरण विभाग संयोजक श्री महेश कुमार, महानगर सह-संयोजक श्री धवल दीक्षित, श्री विमलेंद्र विमल, श्री संजय जी, श्री हर्षित रस्तोगी, श्री राजीव मिश्रा, अर्पिता, मानवी, मीठी, पलक, आयुष, खुशबू, पावनी, सत्यम, शुभ तथा वासु ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
शिक्षक वर्ग में श्री हर्षित रस्तोगी, श्री गणेश अनुरागी, श्री गोविंद, श्री शुभ्रा शर्मा, श्री ऋषि गौड़, श्री अरविंद कुमार शर्मा, श्री अमीता सक्सेना, श्री रजत सैनी, श्री सुशील विश्नोई, श्री शिवम शर्मा, श्री हिमानी आदि उपस्थित रहे।
