कुदरहा, बस्ती। पवित्र रमजान माह में इबादत और सब्र का जज्बा बच्चों में भी देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में थाना कलवारी क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर निवासी 6 वर्षीय नन्हे मोहम्मद अरहम ने भीषण गर्मी के बावजूद अपना पहला रोजा रखकर सभी का दिल जीत लिया।
मोहम्मद अरहम, इसरार अहमद के पुत्र और यासमीन के लाडले हैं। उन्होंने सुबह सहरी कर रोजा रखने की नियत की और दिनभर बिना कुछ खाए-पिए पूरी निष्ठा के साथ रोजा पूरा किया। शाम को इफ्तार के समय परिवार के लोगों ने उन्हें दुआओं से नवाजा और फूल-मालाएं पहनाकर उत्साहवर्धन किया।
अरहम के पिता इसरार अहमद ने बताया कि बेटे की रोजा रखने की काफी इच्छा थी। उम्र कम होने के बावजूद उसके उत्साह को देखते हुए परिवार ने उसे रोजा रखने की अनुमति दी।वहीं उनकी मां यासमीन ने कहा कि इतनी छोटी उम्र में भूख-प्यास पर नियंत्रण रखना सराहनीय है।
नन्हे रोजेदार की इस पहल की गांव में खूब चर्चा हो रही है। इफ्तार के बाद आसपास के लोगों और रिश्तेदारों ने अरहम को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अरहम ने भी नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआ मांगी।
यह उदाहरण दर्शाता है कि सच्ची आस्था और दृढ़ संकल्प के सामने उम्र कोई बाधा नहीं होती।
