कुदरहा(बस्ती)। कलवारी थाना क्षेत्र के भंगुरा निवासी एक व्यक्ति की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल से भंगुरा से गायघाट की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में अचानक सांड से टकरा गए।

जानकारी के अनुसार, भंगुरा निवासी राजेश कुमार गौड़ (40) पुत्र रामकुमार शनिवार रात मोटरसाइकिल से गायघाट की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे राम जानकी मार्ग पर पाऊं के पास पहुंचे, अचानक सामने आए सांड से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में कलवारी थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
