सुल्तानपुर। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद सेना के 40 वीर जवानों की स्मृति में शनिवार को राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ के तत्वाधान में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान महादान शिविर का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रियंक वर्मा, जिला चिकित्सालय मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. के. मिश्र व ब्लड बैंक प्रभारी प्रोफेसर डॉ. संजय सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
रक्तदान शिविर राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ अध्यक्ष मेराज अहमद खान के नेतृत्व में हुआ। शनिवार को शिविर मे मौजूद चिकित्सक व समाजसेवियों ने पुलवामा में शहीद जवानों को दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित कर रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया। संस्थापक निजाम खान ने रक्तदान शिविर में 30 यूनिट रक्तदान किया गया।
उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी होता है, बल्कि यह समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करता है।
संरक्षक प्रदीप श्रीवास्तव, ब्लड बैंक प्रभारी प्रोफ़ेसर डॉ संजय सिंह ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों से आपातकालीन स्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होती है और कई मरीजों को समय पर उपचार मिल पाता है।
आयोजन के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सकीय मानकों का विशेष ध्यान रखा गया। अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
