महराजगंज। प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के चौथे दिन सोशल सेक्टर पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों व उपस्थित लोगों ने एक नवजात बच्ची का जन्मोत्सव भी मनाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में जनपद में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 11,562 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिस पर 6910.48 लाख रुपये व्यय किए गए।
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति वितरण के अंतर्गत कुल 1,88,409 छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जिस पर 9231.4 लाख रुपये खर्च किए गए। वहीं 61,132 अल्पसंख्यक छात्रों को 26.50 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। इसके अलावा 4,71,105 पिछड़ा वर्ग के छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जिस पर 212 करोड़ 92 लाख रुपये व्यय किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि अल्पसंख्यक समुदाय के हित में शादी अनुदान योजना के अंतर्गत 1102 लाभार्थियों को 2 करोड़ 20 लाख रुपये की सहायता दी गई। पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के तहत 8500 लाभार्थियों को 17 करोड़ रुपये का लाभ प्रदान किया गया।
उन्होंने कहा कि निराश्रित महिला पेंशन योजना के अंतर्गत 43,910 महिलाओं को पेंशन का लाभ दिया गया, जिस पर 1316 करोड़ 79 लाख रुपये व्यय किए गए। वहीं वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 8,69,862 वृद्धजनों को पेंशन प्रदान की गई, जिस पर 22084.92 लाख रुपये खर्च हुए। दिव्यांगजन पेंशन योजना के अंतर्गत 14,598 दिव्यांगजनों को पेंशन का लाभ दिया गया, जिस पर 14 करोड़ 23 लाख रुपये व्यय किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नव निर्माण के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सोशल सेक्टर की विभिन्न योजनाओं और उनके प्रभाव की जानकारी मिली। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को सशक्त बनाना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विभाग इन योजनाओं को और प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं और संस्कृति विभाग के लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।
