सहसों। प्रयागराज में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम बभनकुइया, विकास खंड सहसों में रविवार को जल अर्पण दिवस एवं विश्व जल दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री प्रवीण पटेल रहे, जबकि संचालन जिला समन्वयक श्री अश्विनी श्रीवास्तव द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सांसद जी द्वारा जल शपथ दिलाकर किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री दीपक सिंह पटेल एवं एडीएम नमामि गंगे संजीव कुमार शाक्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह के दौरान सांसद श्री प्रवीण पटेल ने जल जीवन मिशन योजना को विधिवत जल अर्पण कर ग्राम प्रधान को सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।
बताया गया कि इस योजना को महज 8 माह की अवधि में एल एंड टी की टीम द्वारा पूर्ण किया गया। इस परियोजना के पूर्ण होने से ग्राम बभनकुइया के सैकड़ों परिवारों को शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे ग्रामीणों को अब दूर-दराज से पानी लाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता श्री प्रवीण कुट्टी जी द्वारा योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री प्रवीण पटेल ने कहा जल जीवन मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य हर घर तक नल से शुद्ध जल पहुंचाना है। यह योजना ग्रामीण जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल से स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन गुणवत्ता में व्यापक सुधार होगा।
इस अवसर पर विधायक श्री दीपक सिंह पटेल ने कहा कि यह योजना क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
एडीएम नमामि गंगे संजीव कुमार शाक्य ने कहा कि जल संरक्षण व स्वच्छता को लेकर प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जल जीवन मिशन के माध्यम से गांवों में स्थायी जल आपूर्ति व्यवस्था विकसित की जा रही है।
इस दौरान जल जीवन मिशन से अधिशासी अभियंता श्री प्रवीण कुट्टी, सहायक अभियंता/अवर अभियंता, जिला समन्वयक श्री अश्विनी श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। कार्यदायी संस्था एल एंड टी कंस्ट्रक्शन से प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री शुभंकर सिल,श्री गोविन्दराजन ,श्री साहिदुल इस्लाम, श्री प्रशांत मिश्रा, श्री आकाश यादव एवं उनकी टीम भी मौजूद रही। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्री अशोक कुमार सहित ग्राम पंचायत के अन्य प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।
