हल्द्वानी (नैनीताल)। पुष्कर सिंह धामी द्वारा सर्किट हाउस, हल्द्वानी में जनपद नैनीताल के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के समाधान हेतु जन-जागरूकता बढ़ाने, जवाबदेही तय करने और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग लगाने तथा वन विभाग और पुलिस की 24×7 क्विक रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
पर्यटन सीजन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढा-मुक्त रखने, ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने, शटल सेवा एवं वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग पर सख्त कार्रवाई करने तथा नियमित चेकिंग अभियान चलाने के लिए भी कहा।
बैठक में आदि कैलाश यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जमरानी बांध परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने, बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने हेतु प्रस्ताव शीघ्र भेजने तथा विद्युत, पेयजल एवं सिंचाई से जुड़ी योजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर राम सिंह कैड़ा, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
