•गोटवा से गांधी कला भवन तक निकली ‘मनरेगा बचाओ संग्राम यात्रा’
बस्ती। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व तथा पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. आलोक रंजन वर्मा के संयोजन में गोटवा से ‘मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा’ निकाली। यात्रा गोटवा से प्रारंभ होकर गनेशपुर होते हुए विभिन्न मार्गों से गांधी कला भवन पहुंची, जहां बापू की प्रतिमा के समक्ष इसका समापन हुआ।
सुदामागंज, गनेशपुर और शंकरपुर चौराहा पर आयोजित नुक्कड़ सभाओं में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों के पक्ष में कार्य कर रही है और गरीबों व किसानों को हाशिये पर धकेला जा रहा है।
जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) में बदलाव कर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने इसे कमजोर करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों और कृषि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखेगी।
डा. आलोक रंजन वर्मा ने कहा कि जो सरकार किसानों, मजदूरों और युवाओं की उपेक्षा करती है, वह अधिक समय तक सत्ता में नहीं रह सकती। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है।
कांग्रेस नेताओं डा. वाहिद अली सिद्दीकी, शौकत अली नन्हू, अलीम अख्तर और राम पूरन चौधरी ने कहा कि मनरेगा ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कानून था, जिसे सितंबर 2005 में सर्वसम्मति से पारित किया गया था। उनका कहना था कि इस कानून ने ग्रामीणों को रोजगार की कानूनी गारंटी दी और पंचायतों को सशक्त बनाया। पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान और मजदूर शामिल रहे।
