बस्ती। परशुरामपुर थाने में तैनात दारोगा अजय कुमार गौड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को अखिल भारत वर्षीय गोंड महासभा के नेतृत्व में समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष बलराम गौड़, उपाध्यक्ष गिरिजाशंकर गौड़ और महामंत्री अमित गौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस चौक से जुलूस निकाला। इसके बाद जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि दारोगा अजय कुमार गौड़ की संदिग्ध मृत्यु से पूरा समाज आक्रोशित और व्यथित है। यह घटना केवल एक पुलिस अधिकारी की मृत्यु नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। महासभा ने प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर वास्तविकता सार्वजनिक किए जाने की मांग की है।
साथ ही दिवंगत अधिकारी के परिवार को समुचित आर्थिक सहायता, एक आश्रित को सरकारी नौकरी तथा घटना के दौरान संभावित प्रशासनिक लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में अखिलेश गोंड, दयाराम गोंड, सचिन गोंड, परमेश्वर गोंड, आकाश गोंड, काशी प्रसाद गोंड, राजकुमार गोंड, आशुतोष गोंड, रूद्र गोंड, राजेश गोंड, राम सूरत गोंड, शुभम गोंड, राजू गोंड सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
