रिपोर्ट राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। भीषण गर्मी के बीच तहसील परिषद परिसर में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप पिछले एक वर्ष से खराब पड़ा है, जिससे अधिवक्ताओं और आम लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय अधिवक्ताओं ने बताया कि तहसील परिसर में लगे हैंडपंप की खराबी की जानकारी कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक इसे ठीक कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आरोप है कि उपजिलाधिकारी अनुभव यादव के संज्ञान में मामला होने के बावजूद इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि भीषण धूप और गर्मी में उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है, जिससे रोष व्याप्त है। उन्होंने नगर पालिका पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि तहसील क्षेत्र नगर पालिका के अंतर्गत आता है, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इंडिया मार्का हैंडपंप को ठीक नहीं कराया गया, तो वे जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग करेंगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की भी मांग की गई है।
