रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख/सीतापुर। नगर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। हर घंटे हो रही अघोषित बिजली कटौती से भीषण गर्मी में आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। बार-बार कटौती के कारण घरेलू कार्यों से लेकर व्यापारिक गतिविधियों तक पर असर पड़ रहा है। वहीं, शिकायत करने के लिए जब उपभोक्ता पावर हाउस के नंबर पर संपर्क करते हैं, तो फोन तक नहीं उठाया जाता, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ रही है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि संबंधित जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत हैं।
जनता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे उच्च अधिकारियों को ज्ञापन देकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
