सिंदुरिया/महराजगंज। जनपद में साइबर अपराध के एक मामले में पुलिस की सक्रियता से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। कनाडा में नौकरी दिलाने के नाम पर 3,51,000 रुपये की ठगी करने वाले साइबर अपराधियों से पूरी रकम वापस कराई गई।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन तथा नोडल अधिकारी साइबर क्राइम एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में साइबर फ्रॉड से संबंधित धनराशि वापस कराए जाने की कार्रवाई चल रही है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी फरेन्दा अनिरुद्ध कुमार सिंह के पर्यवेक्षण व साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सजनू यादव के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
वादी मुकदमा मो. सर्फुद्दीन पुत्र शौकत अली, निवासी परसौनी थाना चौक, जनपद महराजगंज से साइबर अपराधियों ने ईमो और स्नैपचैट के माध्यम से संपर्क कर “टेफ्सिको कंपनी, कनाडा” में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद विभिन्न खातों में कुल 3,51,000 रुपये मंगवा लिए गए।
प्रकरण में पूर्व में 1,61,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए जा चुके थे। शेष धनराशि के संबंध में जांच के दौरान पाया गया कि खाता धारक सुमन मंडल (निवासी बांग्लादेश, पश्चिम बंगाल सीमा से सटा क्षेत्र) के खाते में 1,90,000 रुपये स्थानांतरित किए गए थे। उक्त धनराशि निकाल ली गई थी।
साइबर पुलिस टीम ने न्यायालय से आदेश प्राप्त कर 18 फरवरी 2026 को पश्चिम बंगाल संबंधित शाखा को मेल के माध्यम से पत्राचार किया। तत्पश्चात शाखा प्रबंधक से समन्वय स्थापित कर 24 घंटे के भीतर शुक्रवार को शेष 1,90,000 रुपये भी आवेदक के खाते में वापस करा दिए गए।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक सजनू यादव, कांस्टेबल अर्जुन पासवान एवं कांस्टेबल पियूषणाथ तिवारी, साइबर क्राइम थाना जनपद महराजगंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की तत्परता से पीड़ित को संपूर्ण धनराशि वापस मिल सकी।
