— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कार्यालय में एक कर्मचारी के घूस लेते हुए एंटी करप्शन टीम द्वारा रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया। इसी क्रम में राज्य कर्मचारी यूनियन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने डीपीआरओ मनोज कुमार यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने “मुर्दाबाद”, “डीपीआरओ वापस जाओ” और “भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारे लगाए। इसके बाद कर्मचारी विकास भवन से जुलूस की शक्ल में निकलकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर डीपीआरओ के निलंबन की मांग की।
कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि विभाग में व्याप्त अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के कारण कर्मचारियों एवं आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, इस पूरे प्रकरण को लेकर आमजन में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और कर्मचारियों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।
