सिद्धार्थनगर। जनपद के इटवा तहसील क्षेत्र के ग्राम बरगदवा पूर्वी में मोहम्मद शाहिद पुत्र अब्दुल हई द्वारा पशुचर की भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया था। जिसे उपजिलाधिकारी के निर्देश पर विधिक कार्रवाई पूर्ण करके राजस्व टीम द्वारा हटवा दिया गया है।उक्त जानकारी नायब तहसीलदार राघवेंद्र पांडेय ने दी।
उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र में ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।ऐसे लोग बख्शे नहीं जाएंगे। इसलिए स्वतः अतिक्रमण हटा लें तो ज्यादा अच्छा रहेगा। अन्यथा अतिक्रमण को ध्वस्त कराकर उसका खर्च भी अतिक्रमण करने वाले से वसूल किया जाएगा।
ग्राम बरगदवा पूर्वी में गाटा संख्या 773/0.090 हेक्टेयर भूमि पर मोहम्मद शाहिद ने अवैध रूप से दुबारा अतिक्रमण कर लिया था। पहले भी इस भूमि पर इनके द्वारा अवैध कब्जा किया गया था।जिसे राजस्व टीम द्वारा हटवाया गया।इसके बाद दुबारा भी इन्होंने इस पर अतिक्रमण कर लिया।
विधिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद उपजिलाधिकारी द्वारा गठित राजस्व टीम राजस्व निरीक्षक जगतराम तिवारी तथा राजीव सिंह एवं लेखपाल विजय मिश्रा, अरविंद मिश्र, चन्द्रलाल व कौशलेंद्र,पन्नालाल सहित पुलिस बल के साथ जेसीबी से अवैध अतिक्रमण को हटवा दिया गया है।
