बस्ती। जनपद बस्ती के थाना लालगंज क्षेत्र में पुलिस ने एक बर्खास्त पूर्व सिपाही को गिरफ्तार किया है, जिसने पुलिस की वर्दी पहनकर National Sample Survey Office (एनएसएसओ/एनएसओ) में संविदा नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से 1,84,000 रुपये की ठगी की। आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
ऐसे रचा गया ठगी का षड्यंत्र
वादी अश्वनी दूबे (जनपद संतकबीरनगर) एवं उनके मित्र विनोद कुमार (जनपद देवरिया) ने थाना लालगंज में दी तहरीर में बताया कि 27 जनवरी 2026 को लखनऊ के टेढ़ी पुलिया क्षेत्र में उनकी मुलाकात अजय कुमार जायसवाल निवासी प्रतापगढ़ से हुई। आरोपी ने स्वयं को एनएसएसओ विभाग में प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए संविदा क्षेत्र प्रवेक्षक के पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया।
झांसे में आकर दोनों युवकों ने कुल 1,84,000 रुपये ऑनलाइन एवं नगद रूप में आरोपी को दे दिए। 6 फरवरी 2026 को आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिए। संदेह होने पर पीड़ित जब गोरखपुर स्थित कार्यालय पहुंचे तो पता चला कि नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी हैं।
पुलिस वर्दी में पहुंचा, नेम प्लेट पर लिखा था दूसरा नाम
आरोपी 19 फरवरी को निपनिया भट्ठे के पास दोबारा मिलने पहुंचा। इस दौरान वह पुलिस वर्दी पहने था और नेम प्लेट पर “राहुल कुमार” लिखा था। पीड़ितों ने विरोध कर पैसे वापस मांगे। आरोपी ने कुछ रकम लौटाई, लेकिन शेष देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ितों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पहले ही हो चुका है बर्खास्त
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2024 में पुलिस विभाग से बर्खास्त किया जा चुका है। थाना लालगंज में आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 36/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338 एवं 340(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, उप निरीक्षक देवव्रत शर्मा व कांस्टेबल पुष्कर यादव आदि शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
