बस्ती। कुदरहा विकास खंड के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय ठोकवा में गुरुवार को शैक्षणिक उन्नयन संगोष्ठी एवं वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस दौरान अभिभावक संगोष्ठी, पुस्तक वितरण और परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ, जिसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कक्षा 8 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा रोली को विशेष रूप से साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आर.के. यादव (सेवानिवृत्त कैप्टन) ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी प्रतिभा को मंच मिलता है।
वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने अपने स्वर्गीय पिता भगवान दास यादव की स्मृति में छह प्रतिभाशाली बच्चों को नकद पुरस्कार भी प्रदान किए।
कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री बृजेश त्रिपाठी, प्रधानाध्यापक पवन कुमार, सहायक अध्यापक दीपक कुमार, देवमणि त्रिपाठी, कांति देवी, शिवकुमार, एआरपी रामगोपाल यादव, अनूप सिंह तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामजी सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
