बस्ती। मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में शासन की प्राथमिकताओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी, जल जीवन मिशन, लोक निर्माण, लोक शिकायत, सीएम डैशबोर्ड, पंचायती राज, नियोजन, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि एवं सहकारिता सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष के अंत तक सभी अधूरी एवं अपूर्ण योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा योजनाओं का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सतत निगरानी से जनपद की रैंकिंग में सुधार संभव है, इसलिए किसी भी स्थिति में रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि निराश्रित गोवंशों के संरक्षण हेतु सहभागिता योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए तथा भूसा और हरे चारे की उपलब्धता का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पशुओं की जियो टैगिंग की प्रगति की समीक्षा कर ब्लॉक स्तर पर जिम्मेदारी तय करने को कहा।
मण्डलायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में कार्य अधूरा है, उनके लिए शासन स्तर पर पत्राचार कर नई समय-सीमा निर्धारित कराई जाए और सीएमआईएस पोर्टल पर अद्यतन डाटा अपलोड किया जाए। उन्होंने कर्मयोगी पोर्टल से संबंधित पाठ्यक्रमों को समय से पूरा करने पर भी जोर दिया और पुलिस विभाग की प्रगति को संतोषजनक बताया।
अपर आयुक्त मनोज कुमार त्रिपाठी ने जानकारी दी कि आईजीआरएस के अंतर्गत पंचायत राज, पिछड़ा वर्ग, विद्युत एवं शिक्षा विभाग के कई प्रकरण लंबित हैं, जिनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण 31 मार्च तक सुनिश्चित किया जाए।
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार सहित अन्य मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
