बस्ती। संदिग्ध हालत में फंदे से लटक कर डीजे संचालक ने जान दे दी। पुलिस ने साक्ष्य संकलन कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। घटना कलवारी के बैड़ारी मुस्तहकम गांव की है। 37 वर्षीय अर्जुन सोनी गायघाट बाजार में डीजे व लाइट की दुकान चलाते थे।
स्वजन ने बताया कि सोमवार को वह अपनी बहन के घर नगर बाजार गए थे। शाम को वापस लौट आए थे। रात में घर के बरामदे में सोने चले गए थे। बताया कि रात में घर का चैनल बाहर से बंद था। अर्जुन जीने के रास्ते छत पर चढ़कर दूसरे मकान की छत से नीचे उतर गए। कुछ देर बाद जब उनके छोटे भाई की नजर बिस्तर पर पड़ी तो वहां नहीं थे। रात में उनका पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह दिवंगत के छोटे भाई की किराना व चाय की दुकान के पीछे छप्पर की बड़ेर में रेशम की रस्सी से उनका शव लटकता हुआ मिला। डीजे संचालक पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और उनके तीन बच्चे हैं।
एसएचओ संतोष कुमार गौड़ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की वजह का पता लग सकेगा।
