बस्ती। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला महामंत्री अनिल कुमार के नेतृत्व में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से बस्ती सदर विकास खंड के ग्राम सभा चननी सियरोवास स्थित काली माता मंदिर पर एलईडी सोलर लाइट लगाने की मांग की गई।
पदाधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत गांव में एलईडी सोलर लाइट लगाने का कार्य यू.पी. सिडको, बस्ती को आवंटित हुआ है। आरोप लगाया गया कि ग्राम प्रधान द्वारा सोलर लाइट अपने निजी आवास एवं परिचितों के यहां लगवा दी गई, जबकि काली माता मंदिर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को नजरअंदाज किया गया।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कब्रिस्तान में सोलर लाइट लगाई गई है, लेकिन हिंदू आस्था के प्रमुख स्थल काली माता मंदिर, कुआं एवं डीह बाबा स्थान पर लाइट नहीं लगाई गई। मंदिर परिसर में साप्ताहिक हनुमान चालीसा और अन्य धार्मिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होते हैं, जिससे यहां प्रकाश व्यवस्था आवश्यक है।
कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि जनआस्था को ध्यान में रखते हुए काली माता मंदिर एवं संबंधित स्थलों पर शीघ्र एलईडी सोलर लाइट लगवाई जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में रमेश शर्मा, राजन चौहान, मंजेश शर्मा, दुर्गा प्रसाद, राजन मिश्र, राम प्रसाद, अंकुर तिवारी, महेंद्र कुमार, रामजी चौहान, राजू चौहान, कुलदीप, लाले, अमरदीप चौहान, विनीत, खेसारी, हिमांशू, अखिलेश सोनी, विशाल कुमार, मनीष, गणेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
