— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। उ0नि0 नागरिक पुलिस भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार तथा पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, एचआर पीजी कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज तथा नेहरू कृषक इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, व्यवस्थापन और परीक्षा संचालन की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता हर हाल में बनाए रखी जाए। अभ्यर्थियों के लिए सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि या नकल के प्रयास को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
उल्लेखनीय है कि उ0नि0 नागरिक पुलिस भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
