— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर, 22 फरवरी 2026। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने रविवार को थाना महुली का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क सहित अभिलेखों एवं अभिलेखागार का गहन परीक्षण किया।





जिलाधिकारी ने मिशन शक्ति केंद्र एवं महिला हेल्प डेस्क पर महिला संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि आने वाली महिला फरियादियों की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुना जाए और उनका त्वरित व प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पिंक बूथ पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों को भी संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए गए।
साइबर सेल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। सीसीटीएनएस कार्यालय में ऑनलाइन अभिलेखों की प्रविष्टियों और कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने एफआईआर रजिस्टर, विवेचना अभिलेख, मालखाना रजिस्टर तथा शस्त्रों के रखरखाव की भी जांच की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता से संवाद बढ़ाने, शालीन व्यवहार बनाए रखने, त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा निष्पक्ष पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, रात्रि गश्त को प्रभावी करने और अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
