बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के खौरहवां मोहल्ला स्थित पाण्डेय पोखरा के निकट एक मकान के समीप जबरन निर्माण कराए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित अभिषेक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय एवं परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
अपने पत्र में अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि उनका मकान बीते 27 वर्षों से उक्त स्थान पर बना हुआ है, जहां वे अपने परिवार के साथ निवास कर रहे हैं। उनके मकान के बगल में पूर्व में सदाशिव पुत्र मोघूलाल का मकान था, जिसके बीच लगभग चार फीट की गली छोड़ी गई थी। इसी गली की ओर दोनों मकानों की खिड़कियां एवं छज्जे खुले हुए हैं।
पीड़ित के अनुसार, सदाशिव ने लगभग चार वर्ष पूर्व उक्त मकान जया पाण्डेय पत्नी लालजी पाण्डेय को बेच दिया था। आरोप है कि अब उनके परिजन बाउंड्रीवाल का निर्माण सदाशिव के घर की दीवार से सटाकर करा रहे हैं, जिससे पूर्व से छोड़ी गई गली समाप्त हो जाएगी। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जया पाण्डेय के बड़े भाई बजरंग बली पाण्डेय आयुक्त कार्यालय में स्टेनो पद पर तैनात हैं और अपने पद के प्रभाव का इस्तेमाल कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
घटना की सूचना पीड़ित द्वारा डायल 112 पर दी गई, जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। बाद में दोनों पक्षों को थाना कोतवाली बुलाया गया। 14 फरवरी 2026 को थाना समाधान दिवस के दौरान मामले की सुनवाई हुई, किंतु पीड़ित का आरोप है कि उनकी शिकायत पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि विपक्षी पक्ष प्रभावशाली होने के कारण उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जबरन निर्माण पर रोक लगाने एवं परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
