कुदरहा। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से प्रांतीय सीआरएम (कॉमन रिव्यू मिशन) की दो सदस्यीय टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कुदरहा का औचक निरीक्षण किया। टीम में डॉ. संतोष कुमार और विनोद कुमार त्रिपाठी शामिल रहे।


निरीक्षण के दौरान टीम ने ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, कोल्ड चेन रूम, मीटिंग हॉल, महिला एवं पुरुष शौचालयों तथा परिसर में संचालित प्रेरणा कैंटीन की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। कोल्ड चेन प्रबंधन की समीक्षा करते हुए टीम ने रैक/मिशन उपकरणों को सुव्यवस्थित तरीके से स्टोर रूम में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
मीटिंग हॉल में रखे एटीएम हेल्थ मिशन सहित अन्य उपकरणों को देखकर टीम ने उन्हें तत्काल स्टोर में स्थानांतरित करने की नसीहत दी। महिला एवं पुरुष शौचालयों की साफ-सफाई संतोषजनक पाए जाने पर टीम ने प्रशंसा भी की।
पैथोलॉजी लैब में ब्लड ग्रुप जांच की सुविधा उपलब्ध न होने पर टीम ने लैब टेक्नीशियन विजय कुमार से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि केंद्र पर फिलहाल ब्लड ग्रुप जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस पर टीम ने आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता पर बल देते हुए संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही केंद्र पर एलएमओ (लीगल मेडिकल ऑफिसर) की तैनाती न होने का मुद्दा भी संज्ञान में लिया गया।
इसके अतिरिक्त टीम ने अस्पताल परिसर के साथ स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बैंडारी मुस्तहकम का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा सुधारात्मक सुझाव दिए।
निरीक्षण के समय प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार, प्रोग्राम मैनेजर पवन सिंह, फार्मासिस्ट जे.पी. वर्मा, स्टाफ नर्स सुमन समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
