•मकान व परिवार चिन्हीकरण पर फोकस।
प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा एवं नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा ने मंगलवार को महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर विद्यालय पहुंचकर जनगणना-2027 के प्रथम चरण हेतु प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मियों को निर्देशित किया कि वे पूरी तनमयता और सावधानी के साथ जनगणना से संबंधित सभी बिंदुओं को भली-भांति समझें। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में मकानों एवं परिवारों के चिन्हीकरण का कार्य किया जाएगा, जो अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान यदि किसी भी विषय में संदेह हो तो प्रशिक्षक मास्टर ट्रेनर से मार्गदर्शन प्राप्त करें। उन्होंने जनगणना कार्य को देश एवं समाज सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए इसे पूरी जिम्मेदारी और सावधानी से संपन्न करने पर जोर दिया।
उन्होंने आम नागरिकों से भी जनगणना-2027 में सहयोग की अपील करते हुए बताया कि इस बार स्वगणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। 7 मई 2026 से 21 मई 2026 के बीच नागरिक निर्धारित पोर्टल पर जाकर अपने परिवार की स्वगणना कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनगणना अधिकारी राजीव कुमार शुक्ला, अपर नगर आयुक्त नगर निगम प्रयागराज, जनगणना कार्य निदेशालय लखनऊ से उप निदेशक अजय कुमार, सहायक निदेशक जे.के. श्रीवास्तव, प्रशिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
