नई दिल्ली/ब्रज क्षेत्र। लेंसकार्ट से जुड़ा एक कथित आंतरिक ग्रूमिंग नीति दस्तावेज़ सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि इस दस्तावेज़ में कर्मचारियों को बिंदी, तिलक और कलावा जैसे हिंदू धार्मिक प्रतीकों के उपयोग से रोका गया, जबकि अन्य धार्मिक पहनावे की अनुमति दी गई।
इन आरोपों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली, वहीं ब्रज क्षेत्र के साधु-संतों में भी नाराजगी व्यक्त की जा रही है। कुछ संगठनों द्वारा कंपनी के बहिष्कार की मांग भी उठाई गई है।
विवाद के बीच एक वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें एक महिला द्वारा शोरूम में कर्मचारियों को तिलक लगाने और धार्मिक नारे लगाने की बात सामने आई है। इस दौरान स्टोर प्रबंधन के साथ उनकी बहस होने की भी जानकारी सामने आई है।
धार्मिक नेताओं ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए पारंपरिक प्रतीकों के सम्मान की बात कही है और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी प्रकार की भेदभावपूर्ण नीति स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।फिलहाल, मामले को लेकर कंपनी की ओर से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
