•नाका हिण्डोला पुलिस ने तकनीकी जांच से ₹28,122 कराए वापस, पीड़िता ने जताया आभार
लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना नाका हिण्डोला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए साइबर ठगी की शिकार एक महिला की पूरी धनराशि ₹28,122 वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। इस कार्रवाई से न केवल पीड़िता को आर्थिक राहत मिली, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को नाका हिण्डोला क्षेत्र के गणेशगंज निवासी पूजा अग्रवाल ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा उनके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर ₹28,122 की धनराशि निकाल ली गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक अभिनव कुमार वर्मा के निर्देशन में साइबर सेल टीम सक्रिय हुई और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए संबंधित बैंक एवं पेमेंट गेटवे से समन्वय स्थापित किया। तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए फ्रॉड की गई धनराशि को फ्रीज कराया गया।
लगातार प्रयासों और समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने ठगी गई पूरी राशि सुरक्षित कर पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी। अपनी धनराशि वापस मिलने पर पूजा अग्रवाल ने लखनऊ पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से उन्हें आर्थिक व मानसिक राहत मिली है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सतेन्द्र सैनी तथा महिला कांस्टेबल सपना गिरी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लखनऊ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
