•देश के प्रमुख शहरों के लिए बढ़ाई गई सुविधाएं, सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम।
गोरखपुर।
ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए North Eastern Railway ने व्यापक प्रबंध किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा रिकॉर्ड संख्या में ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
रेल प्रशासन के अनुसार, पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से तथा होकर कुल 87 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें 1,757 फेरों में चलाई जा रही हैं। इनमें से 58 ट्रेनें 932 फेरों में सीधे विभिन्न स्टेशनों से संचालित हो रही हैं, जबकि 29 ट्रेनें 825 फेरों में अन्य स्टेशनों से होकर गुजर रही हैं।
ये विशेष ट्रेनें मुम्बई, पुणे, नई दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद, राजकोट, गुवाहाटी, सूरत, बेंगलुरु, जम्मूतवी, योग नगरी ऋषिकेश सहित देश के प्रमुख शहरों के लिए चलाई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल रही है।
गोरखपुर सहित कई स्टेशनों से विशेष संचालन
गोरखपुर से नई दिल्ली, कोलकाता, मुम्बई, गुवाहाटी, ऋषिकेश, हैदराबाद और वडोदरा सहित कई शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा गोमती नगर, बनारस, छपरा, मऊ, गाजीपुर सिटी, आजमगढ़, लालकुआं, टनकपुर और काठगोदाम से भी विभिन्न शहरों के लिए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुविधाएं
रेलवे ने यात्रियों के लिए स्टेशनों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पंखे और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।
सुरक्षा व निगरानी के विशेष इंतजाम
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। गोरखपुर मुख्यालय सहित विभिन्न मंडलों में वॉर रूम स्थापित कर 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग के कर्मचारी समन्वय बनाकर भीड़ नियंत्रण में लगे हुए हैं।
रेलवे की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिकृत विक्रेताओं से ही खानपान सामग्री खरीदें, अनजान लोगों से खाद्य पदार्थ स्वीकार न करें और वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें। साथ ही ‘रेलवन’ ऐप एवं ‘रेल मदद’ पोर्टल के माध्यम से यात्रा संबंधी जानकारी एवं शिकायत दर्ज करने की सुविधा का लाभ उठाने की भी सलाह दी गई है।
