के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। गंगा देवी कपिलदेव तिवारी पी.जी. कॉलेज भुजैनी, संत कबीर नगर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर उच्च प्राथमिक विद्यालय डडवा में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।



शिविर के प्रथम सत्र में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर स्वयंसेवियों द्वारा भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान स्वयंसेवियों ने गांव में अलग-अलग टोलियों में जाकर पोस्टर, स्लोगन और नारों के माध्यम से लोगों को बालिका शिक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
भोजनावकाश के बाद आयोजित द्वितीय सत्र में “साक्षरता का महत्व” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि शिक्षा व्यक्तिगत, सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह ज्ञान, कौशल और सामाजिक सहभागिता को बढ़ाने वाली निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।
राजनीतिशास्त्र के प्रवक्ता अतुल कृष्ण मिश्रा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी भाषा को समझने और बुनियादी गणना करने की क्षमता भी इसमें शामिल है, जो प्रभावी संवाद और व्यक्तिगत विकास के लिए आवश्यक है।
सरदार वल्लभभाई पटेल इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीत गौड़ ने कहा कि शिक्षा सांस्कृतिक बाधाओं को तोड़ते हुए संचार को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और संपूर्ण मानवता के विकास के लिए निर्णायक सिद्ध होती है।
इस अवसर पर स्वयंसेवी दीपांजलि पाण्डेय, श्रद्धा सिंह, संजना, अंतिमा, नूर मोहम्मद और आदित्य तिवारी सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य विभाग के प्रवक्ता हरिशंकर शुक्ला ने किया।
