रिपोर्ट – गंगेश कुमार, हरिद्वार
हरिद्वार (उत्तराखंड)। कनखल क्षेत्र में रविवार सुबह एक अनियंत्रित ई-रिक्शा की टक्कर से बुजुर्ग दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों को फ्रैक्चर सहित कई चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदेश नगर कॉलोनी निवासी रोशन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके माता-पिता पुष्पा देवी और इंदुभूषण रविवार सुबह घर से बाजार जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे घर के गेट के सामने पहुंचे, तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा चालक नशे की हालत में था और वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुष्पा देवी के हाथ की हड्डी टूट गई है और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि इंदुभूषण के पैर में फ्रैक्चर के साथ सिर और हाथ में भी चोटें आई हैं।
पीड़ित परिवार द्वारा मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
