•जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मेंहदावल में जयंती समारोह आयोजित।
के. के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व सिविल जज (सी.डि.) सुनील सिंह की पहल पर मंगलवार को मेंहदावल बाईपास चौराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई।
अंबेडकर के विचारों पर हुआ प्रकाश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाकर पूरे जीवन समानता और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही है।
महिलाओं और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई
उन्होंने बताया कि हिंदू कोड बिल के माध्यम से महिलाओं को संपत्ति, तलाक और समानता का अधिकार दिलाने का प्रयास किया गया। साथ ही स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री के रूप में डॉ. अंबेडकर ने देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
संविधान से मिला सामाजिक व आर्थिक न्याय
नगर पालिका खलीलाबाद के अधिशासी अधिकारी अवधेश भारती ने कहा कि संविधान के जरिए मौलिक अधिकारों की गारंटी देकर डॉ. अंबेडकर ने वंचित वर्गों को सामाजिक और आर्थिक न्याय दिलाने का कार्य किया। उनका ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उपस्थित रहे ये लोग
कार्यक्रम में नगर पालिका खलीलाबाद के पंकज कुमार, पीएलवी अरविंद राय, मनीष वर्मा, अनिल राय, सोनी वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
