के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कार्यालय में एंटी करप्शन टीम ने छापेमारी कर एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी राजन कुमार सफाई कर्मी के पद पर तैनात था, लेकिन वह बाबू का कार्य करते हुए कथित रूप से धन उगाही में संलिप्त था। बताया जा रहा है कि वह विभिन्न कार्यों के नाम पर लोगों से अवैध वसूली करता था।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार यादव के कार्यालय से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी डीपीआरओ की जानकारी या संरक्षण में लंबे समय से यह कार्य कर रहा था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
एंटी करप्शन टीम को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को कार्यालय के भीतर ही रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
घटना के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
