प्रयागराज। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी स्कूल, मैरेज हॉल और अस्पतालों के बाहर सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संस्थानों को नोटिस जारी कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) को निर्देश दिया कि नक्शे के विपरीत बने भवनों और जिन संस्थानों में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, उनके खिलाफ एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई की जाए।
शहर में बढ़ते जाम को देखते हुए चैक, घंटाघर, सिविल लाइंस और लल्ला चुंगी जैसे प्रमुख स्थानों पर टैम्पो-टैक्सी यूनियन और स्थानीय वेंडरों के साथ बैठक कर समाधान निकालने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए स्थायी होर्डिंग क्षेत्र चिन्हित करने हेतु एक संयुक्त टीम गठित की गई है।
बैठक में शून्य मृत्यु दर (जेडएफडी) कार्यक्रम के तहत रोड सेफ्टी प्लान को प्रभावी रूप से लागू करने, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनके सुधार तथा शॉर्ट और लॉन्ग टर्म कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, सभी चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने, नो ई-रिक्शा जोन और नो व्हीकल जोन चिन्हित करने तथा मुख्य चौराहों के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया।
दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित उपचार के लिए एम्बुलेंस 108 के सुचारू संचालन, रूट चार्ट तैयार करने और ट्रामा सेंटरों को सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि बैठक में लिए गए निर्णयों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए समय से रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, चिकित्सक, परिवहन अधिकारी एवं टैम्पो-टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
