•पुरानी पेंशन, वेतन आयोग सहित 16 सूत्रीय मांगों पर बनी संघर्ष रणनीति, प्रशासन पर उदासीनता का आरोप।
बस्ती। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय में जिलाध्यक्ष मस्तराम वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और 16 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में जिलाधिकारी को सौंपे गए मांगपत्र पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। निर्णय लिया गया कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
बैठक में पुरानी पेंशन बहाली, आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, मृतक आश्रितों की नियुक्ति, जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती, कलेक्ट्रेट में प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति, जर्जर सरकारी आवासों की मरम्मत तथा कर्मचारियों के साथ नियमित बैठकें सुनिश्चित करने जैसी मांगें प्रमुख रहीं।
वक्ताओं ने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो सभी कर्मचारी संगठन एकजुट होकर व्यापक आंदोलन करेंगे।
बैठक में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर एक स्वर में आंदोलन की रणनीति को समर्थन दिया।
