राकेश कुमार की रिपोर्ट
प्रयागराज। जनपद के थरवई थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरुई गांव के समीप सोमवार सुबह लगभग 7:45 बजे छात्रों से भरी एक स्कूल बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही थरवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहरिया भेजा गया। जानकारी के अनुसार, छात्र शिव सेवा इंटर कॉलेज, बसमहुआ के हैं, जो यूपी बोर्ड हाईस्कूल की अंग्रेजी परीक्षा देने के लिए बाबू जेआरडी पाल इंटर कॉलेज, थरवई जा रहे थे।
हादसे में घायल पांच छात्रों में से तीन के पैर टूटने की पुष्टि हुई है। तीन घायलों को बहरिया सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि दो छात्रों का उपचार तकिया चौराहे के पास स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बस चालक भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा फाफामऊ-सहसो फोरलेन मार्ग पर बेरुई गांव के पास हुआ, जब ट्रक डिवाइडर कट से मुड़ रहा था। इसी दौरान कथित रूप से तेज रफ्तार बस ट्रक से टकरा गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन एवं विद्यालय के शिक्षक घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
