•24.21 करोड़ की लागत से तैयार होगा 34 कमरों वाला जी+3 गेस्ट हाउस, आधुनिक सुविधाओं से रहेगा सुसज्जित।
अयोध्या। तेजी से विकसित हो रही रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रामकथा पार्क में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन पर्यटक आवास गृह (गेस्ट हाउस) का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए यह परियोजना शुरू की गई है, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और व्यवस्थित ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो सके।
रामकथा पार्क में बन रहा यह जी+3 मंजिला भवन कुल 34 कमरों से सुसज्जित होगा। परियोजना की अनुमानित लागत 2421.08 लाख रुपये (लगभग 24.21 करोड़ रुपये) है। निर्माण कार्य यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड, निर्माण इकाई-11 अयोध्या की निगरानी में किया जा रहा है, जबकि पीपीई प्रणाली के तहत एलएंडटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इसका क्रियान्वयन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसके चलते ठहरने की सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नया पर्यटक आवास गृह विशेष रूप से मध्यम वर्गीय श्रद्धालुओं के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प प्रदान करेगा।
इस गेस्ट हाउस में वातानुकूलित कमरे, लिफ्ट, रिसेप्शन लॉबी, आधुनिक स्नानघर, रेस्टोरेंट, किचिन, वाई-फाई एवं सुरक्षा व्यवस्था जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कमरों का डिजाइन इस प्रकार तैयार किया जा रहा है कि पर्यटक पार्क की हरियाली और रामायण से जुड़े सांस्कृतिक वातावरण का आनंद ले सकें।
परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा के अनुसार, निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है ताकि इसे शीघ्र पूर्ण कर श्रद्धालुओं को समर्पित किया जा सके। नए आवास गृह के निर्माण से पर्यटक राम मंदिर, सरयू घाट एवं अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण सुगमता से कर सकेंगे, जिससे अयोध्या की पर्यटन छवि और सुदृढ़ होगी।
