लखनऊ। नाका हिण्डोला थाना पुलिस और पश्चिमी जोन निगरानी दल की संयुक्त कार्रवाई में ऑटो में सवारियों का बैग काटकर आभूषण चोरी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी से संबंधित पीली धातु के तार बरामद किए हैं तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2026 को वादिनी नीतू तिवारी, निवासी बड़ी जुगौली (थाना गोमतीनगर), ने सूचना दी थी कि ऑटो से यात्रा के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उनका बैग काटकर उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए। इस पर नाका हिण्डोला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस और पश्चिमी जोन निगरानी दल द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में 07 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 9:59 बजे दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास से तीन अभियुक्त मोहम्मद इकरार उर्फ कल्लू (जनपद बाराबंकी), अरमान (गौस नगर, मड़ियांव लखनऊ) तथा अफजाल अहमद (जनपद बिजनौर) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इनके कब्जे से घटना से संबंधित पीली धातु के पांच ठोस तार (लगभग 11.380 ग्राम, अनुमानित मूल्य करीब डेढ़ लाख रुपये) बरामद किए। साथ ही चोरी में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अकेली सवारी को ऑटो में बैठाकर रास्ते में अपने साथियों को शामिल करते थे और ध्यान भटकाकर बैग से आभूषण, नकदी व अन्य कीमती सामान निकाल लेते थे। पुलिस से बचने के लिए चोरी के आभूषणों को गलाकर नया रूप देकर आपस में बांट लेते थे।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अफजाल अहमद और मोहम्मद इकरार उर्फ कल्लू के विरुद्ध पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना नाका हिण्डोला के प्रभारी निरीक्षक अभिनव कुमार वर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अवधेश यादव, विश्वजीत सिंह, अजीत राय, शुभम पराशर, अंकित बालियान सहित अन्य पुलिसकर्मियों तथा पश्चिमी जोन निगरानी दल के प्रभारी उपनिरीक्षक रंजीत सिंह व उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।
