•अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देवरिया सदर, भटनी, सलेमपुर, बेल्थरा रोड व मऊ स्टेशनों पर कार्य तेज करने के दिए निर्देश।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने गुरुवार को गोरखपुर–मऊ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी श्री आशीष जैन व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के तहत विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण की शुरुआत गौरी बाजार–बैतालपुर खंड स्थित समपार संख्या 136 बी-1 पर बन रहे लिमिटेड हाइट सब-वे से हुई, जहां कार्य प्रगति की समीक्षा की गई। इसके बाद महाप्रबंधक गोरखपुर–देवरिया खंड का निरीक्षण करते हुए देवरिया सदर स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, आरक्षण केंद्र समेत विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा स्टेशन के पुनर्विकास की रूपरेखा का अवलोकन किया।

अहिल्यापुर हॉल्ट पर प्रस्तावित गुड्स शेड का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद महाप्रबंधक भटनी जंक्शन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं के साथ-साथ पुनर्विकास कार्यों की गुणवत्ता परखी। सलेमपुर में उन्होंने यार्ड स्थित समपार संख्या-07 का संरक्षा निरीक्षण किया तथा स्टेशन पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बेल्थरा रोड स्टेशन पर भी महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए पुनर्विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्टेशन यार्ड में प्वाइंट्स का सेफ्टी निरीक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के क्रम में कीड़िहरापुर–इंदारा खंड के समपार संख्या 29 सी पर संरक्षा मानकों की जांच की गई, जहां गेटमैन के कार्य से संतोष व्यक्त किया गया। इसके अलावा इंदारा–मऊ खंड के मध्य स्थित मेजर ब्रिज संख्या 72 का भी गहन निरीक्षण किया गया।
अंत में महाप्रबंधक मऊ जंक्शन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं, दिव्यांगजन सुविधाओं, स्वचालित सीढ़ियों, ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ काउंटर तथा रेलवे सुरक्षा बल बैरक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय उत्पादों, विशेषकर साड़ियों के बारे में जानकारी ली और पुनर्विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
