बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के लौकिहवा गांव निवासी दयाशंकर चौधरी, शशांक चौधरी और सुनील कुमार चौधरी ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर अपनी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कब्जे का प्रयास करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ितों का आरोप है कि उनकी कृषि भूमि गाटा संख्या-100 (रकबा 0.8230 एअर) पर पहले से सीमांकन कर सीमेंटेड पिलर और लोहे के तार लगाए गए हैं। यह भूमि पूर्व में नापकर अलग कर दी गई थी और सभी पक्ष आपसी सहमति से रह रहे थे।
उन्होंने बताया कि समीपवर्ती गाटा संख्या-95/9, जो ग्रीस हरिजन को पट्टे पर आवंटित है, पर सड़क और नाली का निर्माण हो चुका है, लेकिन उक्त भूमि पर वास्तविक कब्जा नहीं है। इसी बीच मुरलीजोत निवासी अमित राय कन्नौजिया पर आरोप है कि वह जबरन उनकी जमीन पर कब्जा कर उसे बेचने की कोशिश कर रहा है।
पीड़ितों के अनुसार, आरोपित द्वारा उनके लगाए गए पिलर तोड़ दिए गए और तार नष्ट कर जबरन नींव खोदी जा रही है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। उनका यह भी आरोप है कि डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ितों ने यह भी कहा कि आरोपित का भाई पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर है, जिसके चलते उसे प्रशासनिक संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ितों का कहना है कि कई बार शिकायत देने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे आरोपित के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
