कुदरहा/बस्ती। जनपद के बस्ती में कलवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर बेलवाडाडी के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के डिहुकपूरा निवासी रजनीश पांडेय (26) पुत्र दिव्य प्रकाश पांडेय तथा अइलिया निवासी आकाश पांडेय (24) पुत्र हरिकेश पांडेय मोटरसाइकिल से अपने एक मित्र को बस्ती छोड़ने गए थे। मित्र को सुरक्षित छोड़ने के बाद दोनों युवक वापस अपने घर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक कलवारी थाना क्षेत्र के बेलवाडाडी के समीप पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कलवारी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद रजनीश पांडेय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आकाश पांडेय की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलवारी थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
रजनीश की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह दो भाइयों में छोटा था और लखनऊ के एक निजी अस्पताल में कार्यरत था। बीते शनिवार को ही वह घर आया था। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
